Gurugram News: समन्वय समिति करने गुरुग्राम पहुंचे शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार ढेसी

चंदू बुढ़ेड़ नई यूनिट जल्द होगी शुरू, 15 दिन के भीतर होगा ट्रायल, बढ़ेगी पेयजल आपूर्ति क्षमता

Desh Rojana
On

जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक बुधवार को लघु सचिवालय में हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के प्रमुख विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विभागवार समीक्षा की गई

 गुरुग्राम: जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक बुधवार को लघु सचिवालय में हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के प्रमुख विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विभागवार समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा, नगर निगम गुरुग्राम आयुक्त प्रदीप दहिया, डीसी उत्तम सिंह, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, मानेसर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह के साथ-साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
 
dola
 
बैठक में जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने चंदू बुढ़ेड़ा जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि 100 एमएलडी क्षमता वाली यूनिट-5 का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि आगामी पंद्रह दिनों के भीतर यूनिट का ट्रायल रन शुरू किया जाएगा। ट्रायल सफल होने के बाद यूनिट को नियमित संचालन में लाया जाएगा, जिससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि यूनिट-5 के शुरू होने के बाद जीएमडीए की कुल पेयजल आपूर्ति क्षमता 670 से बढ़कर 770 एमएलडी हो जाएगी। इससे गुरुग्राम की बढ़ती आबादी और नए विकसित हो रहे क्षेत्रों की जल आवश्यकता को पूरा करने में मदद मिलेगी।
 
ग्वाल पहाड़ी को मिलेगा नहरी पानी 
मीणा ने बताया कि ग्वाल पहाड़ी में निर्माणाधीन वाटर बूस्टिंग स्टेशन का कार्य तेजी से प्रगति पर है और इसे अगले छह माह के भीतर पूरा कर संचालन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बूस्टिंग स्टेशन के चालू होने के बाद ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र के निवासियों को नियमित रूप से नहरी पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। बैठक में सेक्टर-72 स्थित वाटर बूस्टिंग स्टेशन की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है तथा लीकेज की मरम्मत का कार्य अल्मेडा चौक तक पूरा कर लिया गया है।  शेष कार्य पूरा होने के बाद परीक्षण कर जल्द ही जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
 
खेड़की दौला टोल प्लाजा के स्थानांतरण की भी समीक्षा 
बैठक में खेड़की दौला टोल प्लाजा के स्थानांतरण की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि नई साइट के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेज दिया गया है तथा इस विषय में विभिन्न पक्षों के साथ लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। समीक्षा के दौरान नई प्रस्तावित साइट, उसके अंतिम चयन तथा स्थानीय ग्रामीणों के सुझावों एवं आवश्यक औपचारिकताओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
ढेसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टोल प्लाजा के स्थानांतरण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad