तहसीलदार डॉ अनिल कुमार बिढान ने मौके पर ही करवाई परिवारों की ऑनलाइन गणना, नागरिकों से की बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील
स्व-गणना को लेकर गांव-गांव जागरूकता अभियान तेज, कुतुबपुर, सीसाय व कुलाना में कार्यक्रम आयोजित
डीसी राहुल नरवाल के निर्देशानुसार स्व-गणना के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को उपमंडल हांसी के गांव कुतुबपुर, सीसाय तथा कुलाना में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हांसी: डीसी राहुल नरवाल के निर्देशानुसार स्व-गणना के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को उपमंडल हांसी के गांव कुतुबपुर, सीसाय तथा कुलाना में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों की अध्यक्षता तहसीलदार डॉ अनिल कुमार बिढान ने की। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं तथा गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर जनगणना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान तहसीलदार डॉ अनिल कुमार बिढान ने उपस्थित लोगों को स्व-गणना की संपूर्ण प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से समझाई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार नागरिक स्वयं अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से जनगणना पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी व अपने परिवार की सही और पूर्ण जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्व-गणना के दौरान दर्ज की गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहती है और इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं के निर्माण व क्रियान्वयन के लिए किया जाता है।
इस दौरान तहसीलदार ने मौके पर ही कई परिवारों की जानकारी जनगणना पोर्टल पर अपलोड करवाई, जिससे लोगों को व्यावहारिक रूप से पूरी प्रक्रिया समझने में आसानी हुई। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों के सवालों का समाधान भी मौके पर ही किया गया, जिससे लोगों की शंकाएं दूर हुईं और उनमें स्व-गणना के प्रति विश्वास बढ़ा।
अपने संबोधन में तहसीलदार अनिल कुमार बिढान ने कहा कि जनगणना किसी भी देश के समग्र विकास की नींव होती है। इससे प्राप्त आंकड़े सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत ढांचे और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने में मदद करते हैं। स्व-गणना के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को यह अवसर मिलता है कि वह स्वयं अपनी सही जानकारी दर्ज करे, जिससे डेटा की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित होती है। यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन द्वारा गांव-गांव जाकर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि कोई भी व्यक्ति इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से अछूता न रहे। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे तकनीकी ज्ञान का उपयोग करते हुए अपने परिवार व आस-पास के लोगों की स्व-गणना में सहायता करें।
कार्यक्रमों में ग्रामीणों ने स्व-गणना प्रक्रिया को सरल और उपयोगी बताते हुए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि वे स्वयं भी स्व-गणना करेंगे और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे, जिससे यह अभियान सफल हो सके।

About The Author
संबंधित समाचार



