सेशन जज फरीदाबाद का ड्राइवर बताकर ठगी/दलाली करने वाला आरोपी गिरफ्तार
धारा हटवाने और मुकदमें से राहत दिलाने के नाम पर 1.80 लाख रुपये ऐंठें ।
नूंह सदर थाना पुलिस ने एक ऐसे अपराधी को दबोचा है जो खुद को सेशन जज फरीदाबाद का ड्राइवर बताकर लोगों को झांसे में लेकर ठगी/दलाली करता था।
मेवात:
नूंह सदर थाना पुलिस ने एक ऐसे अपराधी को दबोचा है जो खुद को सेशन जज फरीदाबाद का ड्राइवर बताकर लोगों को झांसे में लेकर ठगी/दलाली करता था। आरोपी पर मुकदमे में धारा हटवाने, गिरफ्तारी से राहत दिलाने और प्रभाव का डर दिखाकर 1 लाख 80 हजार रुपये लेने का आरोप है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव धांधुका निवासी इकबाल पुत्र सम्मन द्वारा पुलिस अधीक्षक नूंह को दी गई शिकायत में बताया गया कि गांव बाबूपुर निवासी न्याज मोहम्मद और उसके साथ इमरान नामक व्यक्ति, जो खुद को सेशन जज फरीदाबाद का ड्राइवर बताता था, ने उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 307 नहीं लगने देने और परिजनों को राहत दिलाने का झांसा देकर 1 लाख 80 हजार रुपये ले लिए। आरोप है कि दोनों ने अपनी ऊंची पहुंच और अधिकारियों में प्रभाव होने का दावा कर शिकायतकर्ता को विश्वास में लिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक रुपये लेने के बावजूद न तो कोई राहत मिली और न ही वादे पूरे किए गए। बाद में आरोपी ने 80 हजार रुपये वापस किए, लेकिन एक लाख रुपये अब भी बकाया बताए गए हैं। पैसे मांगने पर आरोपी द्वारा उल्टा झूठी शिकायतें देकर दबाव बनाने के आरोप भी लगाए गए हैं। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी न्याज मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सह-आरोपी की भूमिका सहित अन्य पहलुओं की जांच जारी है।




