Nuh mewat news: हम सभी की जिम्मेदारी है पेयजल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण : अखिल पिलानी

नल्हड़ मेडिकल कॉलेज की पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु हटाए गए 47 अवैध कनेक्शन

Desh Rojana
On

उपायुक्त अखिल पिलानी के निर्देशानुसार जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जिले में पेयजल संरक्षण एवं जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नल्हड़ स्थित शहीद हसन खां मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल को पेयजल उपलब्ध कराने वाली मुख्य पाइपलाइन से 47 अवैध जल कनेक्शनों को हटाया गया।

नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी के निर्देशानुसार जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जिले में पेयजल संरक्षण एवं जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नल्हड़ स्थित शहीद हसन खां मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल को पेयजल उपलब्ध कराने वाली मुख्य पाइपलाइन से 47 अवैध जल कनेक्शनों को हटाया गया।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि हाल के दिनों में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को जांच के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान पाया गया कि मुख्य पाइपलाइन से आसपास विकसित हो रही कॉलोनियों एवं निर्माणाधीन मकानों में बिना विभागीय अनुमति के अवैध पेयजल कनेक्शन किए गए थे, जिसके कारण बड़ी मात्रा में पानी की अनधिकृत खपत हो रही थी तथा मेडिकल कॉलेज को पर्याप्त जलापूर्ति नहीं मिल पा रही थी।

ffd26137-b482-4baa-84f1-1235769ef7d2 (1)
नल्हड़ स्थित शहीद हसन खां मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय को जाने वाली मुख्य पाइपलाइन से अवैध पेयजल कनेक्शन हटाती जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की टीम।


उन्होंने बताया कि कार्यकारी अभियंता अमित कुमार संडिला के मार्गदर्शन तथा उपमंडल अभियंता अजय कांगड़ा के नेतृत्व में गठित टीम ने जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन के सहयोग से अभियान चलाकर एक ही दिन में 47 अवैध कनेक्शनों को हटाया। इस कार्रवाई से मेडिकल कॉलेज की पेयजल आपूर्ति में सुधार आएगा तथा पानी की अनावश्यक बर्बादी पर रोक लगेगी।
उपमंडल अभियंता अजय कांगड़ा एवं कनिष्ठ अभियंता शकील अहमद ने बताया कि अवैध कनेक्शन करने वाले व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि पेयजल एक अमूल्य संसाधन है और इसकी प्रत्येक बूंद का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे जल संरक्षण के प्रयासों में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार के अवैध जल कनेक्शन से बचें।
जिला सलाहकार नरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि अवैध पेयजल कनेक्शनों के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगे भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं को पेयजल आपूर्ति संबंधी कोई समस्या है, वे जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-180-5678 तथा व्हाट्सएप नंबर 90417-41800 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
अभियान के दौरान विभागीय कर्मचारियों इसराइल फिटर, ताजदीन तथा मोहम्मद अजहरूदीन ने मौके पर अवैध कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें हटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad