समाधान शिविरों से जनता का जिला प्रशासन पर विश्वास हो रहा और मजबूत : उपायुक्त
-उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने समाधान शिविर में जन शिकायतें सुनकर किया समाधान
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य जिला प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है
पलवल: उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य जिला प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। समाधान शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहते हैं, जो मौके पर ही शिकायतों को सुनकर उनका निस्तारण करने का प्रयास करते हैं। परिवार पहचान पत्र के स्टेट कोऑर्डिनेटर सतीश खोला ने समाधान शिविर में पहुंचकर समाधान शिविर की कार्यवाही देखी तथा नागरिकों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त डा. वशिष्ठ ने सोमवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में आमजन की समस्याएं सुनकर उनका समाधान करवाया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर नागरिक को पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन मिले और उनकी समस्या का त्वरित समाधान हो। इस प्रकार के समाधान शिविरों के माध्यम से लोगों की छोटी-बड़ी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा रहा है, जिससे जनता का जिला प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लें और समयबद्ध तरीके से उसका समाधान सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने आमजन से भी अपील की कि वे इन शिविरों में बढ़-चढक़र भाग लें और अपनी समस्याओं को खुलकर रखें, ताकि उनका शीघ्र समाधान किया जा सके। उन्होंने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों का त्वरित निवारण करने के उद्देश्य से जिला स्तर और उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जहां एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनते हैं और उनका तय समय सीमा के भीतर समाधान करना सुनिश्चित करते हैं।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, नगराधीश प्रीति रावत, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, उप सिविल सर्जन डा. रामेश्वरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



