नई दिल्ली से बड़ी सियासी खबर: राज्यसभा की 26 सीटों पर 18 जून को मतदान
चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 26 सीटों के लिए चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। तय कार्यक्रम के अनुसार 10 राज्यों में 18 जून को मतदान कराया जाएगा, वहीं महाराष्ट्र और तमिलनाडु की खाली सीटों पर भी चुनाव होंगे।
नई दिल्ली से बड़ी सियासी खबर सामने आई है।राज्यसभा की 26 सीटों के लिए चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। तय कार्यक्रम के अनुसार, इन सभी सीटों पर 18 जून को मतदान होगा और इसी दिन वोटों की गिनती भी कराई जाएगी।चुनाव आयोग के मुताबिक, राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया 1 जून से शुरू होगी, जब सरकारी घोषणा जारी की जाएगी। इसके बाद 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 11 जून को नाम वापस लेने की आखिरी तारीख होगी। पूरी चुनावी प्रक्रिया के तहत 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा।ये चुनाव 10 राज्यों में होंगे, जहां मौजूदा राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच पूरा हो रहा है। इसके अलावा महाराष्ट्र और तमिलनाडु में एक-एकखाली हुई राज्यसभा सीट पर चुनाव कराया जाएगा। महाराष्ट्र से उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और तमिलनाडु से AIADMK नेता सी. वे. षणमुगम के इस्तीफे के बाद ये सीटें खाली हुई थीं, जिन्हें भरने के लिए यह चुनाव कराया जा रहा है।
यह भी बता दें कि इस बार राज्यसभा में कई वरिष्ठ नेताओं का पद पर रहने का समय खत्म हो रहा है। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन और सांसद रवनीत सिंह बिट्टू शामिल हैं। कुल 24 सांसदों का समय पूरा हो रहा है। 18 जून को होने वाला यह चुनाव तय करेगा कि आने वाले समय में राज्यसभा में किस दल की स्थिति मजबूत होगी।




