Taudu News : ईद पर सुरक्षा सख्त: तावडू पुलिस ने शहर में निकाला फ्लैग मार्च, प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने की हिदायत
आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) के त्योहार को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए तावडू पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है।
तावडू: आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) के त्योहार को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए तावडू पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। जिला नूंह पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रतीक जैन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आज तावडू शहर में पुलिस ने एक भव्य फ्लैग मार्च निकाला। इस मार्च का मुख्य उद्देश्य शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना है।
इन प्रमुख मार्गों से गुजरा पुलिस का फ्लैग मार्च
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेश कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ यह फ्लैग मार्च निकाला गया। मार्च ने शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों का दौरा किया, जिनमें रेवाड़ी रोड, डिढारा बाईपास, नूंह रोड और पुराना बस स्टैंड लखपत चौक,विजय चौक,पटौदी चौक शामिल है।
वहीं शहर थाना प्रभारी की त्योहार को आपसी सौहार्द से मनाएं। शहर में शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है।
प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण रोक
फ्लैग मार्च के दौरान शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने स्थानीय निवासियों और प्रबुद्ध लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कड़े शब्दों में हिदायत देते हुए बताया कि ईद के मौके पर किसी भी हाल में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने लोगों को समझाया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि शहर में कोई भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को दें। पुलिस का यह फ्लैग मार्च देखकर स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हुई है।




