मत्स्य विभाग की योजनाओं से अनुसूचित जाति को मिलेगा आर्थिक संबल
पट्टा, जाल, रेहड़ी व मत्स्य पालन पर आकर्षक अनुदान योजनाएं
उपनिदेशक एवं जिला मत्स्य अधिकारी कश्मीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मत्स्य विभाग पलवल द्वारा अनुसूचित जाति के व्यक्तियों के कल्याण के लिए विभिन्न लाभकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
पलवल: उपनिदेशक एवं जिला मत्स्य अधिकारी कश्मीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मत्स्य विभाग पलवल द्वारा अनुसूचित जाति के व्यक्तियों के कल्याण के लिए विभिन्न लाभकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य अनुसूचित जाति के परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक स्तर को सुदृढ़ बनाना है।

प्रथम वर्ष पट्टा राशि पर अनुदान
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पंचायती/सरकारी जलाशयों, जो न्यूनतम 5 वर्ष या उससे अधिक अवधि के लिए पट्टे पर दिए गए हों, पर प्रथम वर्ष की वास्तविक पट्टा राशि का 50 प्रतिशत या अधिकतम 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर (जो भी कम हो) अनुदान प्रदान किया जाता है।
द्वितीय एवं आगामी वर्षों की पट्टा राशि पर अनुदान
इस मद में पंचायती/सरकारी जलाशयों पर दूसरे तथा आगामी वर्षों (कुल 5 वर्ष तक) के लिए वास्तविक पट्टा राशि का 40 प्रतिशत या अधिकतम 40 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर (जो भी कम हो) अनुदान दिया जाता है।
जाल खरीद पर अनुदान
इसमें लाभार्थी को 40 हजार रुपए तक के जाल की खरीद पर 60 प्रतिशत या अधिकतम 24 हजार रुपए प्रति लाभार्थी (जो भी कम हो) अनुदान प्रदान किया जाता है।
अनुसूचित जल क्षेत्रों में मछली पकड़ने के ठेके पर अनुदान
इसके अंतर्गत अनुसूचित जल क्षेत्रों में मछली पकड़ने के अधिकार प्राप्त करने के लिए अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को स्वीकृत बोली का 50 प्रतिशत की दर से या अधिकतम 5 लाख रुपए (जो भी कम हो) की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
रेहड़ी (ठेला) पर अनुदान
इसमें 60 हजार रुपए तक की लागत वाली रेहड़ी (स्टोव/गैस चूल्हा, बर्तन आदि सहित) की खरीद पर 60 प्रतिशत या अधिकतम 36 हजार रुपए प्रति लाभार्थी (जो भी कम हो) अनुदान दिया जाता है।
खाद एवं खुराक पर अनुदान
इसमें पंचायती/निजी तालाबों/सरकारी जलाशयों में खाद एवं खुराक पर 1 लाख 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर तक की लागत पर 60 प्रतिशत या अधिकतम धनराशि 90 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर (जो भी कम हो) अनुदान प्रदान किया जाता है। उपनिदेशक एवं जिला मत्स्य अधिकारी कश्मीर सिंह ने सभी इच्छुक पात्र व्यक्तियों से अपील की है कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जिला मत्स्य कार्यालय पलवल से दूरभाष नंबर-01275-356270 पर संपर्क कर सकते हैं।
000

About The Author
संबंधित समाचार



