मकान सूचीकरण कार्य में प्रगणकों का सहयोग करें नागरिक : डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया, 30 मई तक चलेगा मकान सूचीकरण कार्य
जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत जिला रेवाड़ी में मकान सूचीकरण का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान नियुक्त प्रगणक घर - घर पहुंचकर परिवारों से 33 महत्वपूर्ण सवालों की जानकारी जुटा रहे हैं।
रेवाड़ी: जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत जिला रेवाड़ी में मकान सूचीकरण का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान नियुक्त प्रगणक घर - घर पहुंचकर परिवारों से 33 महत्वपूर्ण सवालों की जानकारी जुटा रहे हैं। यह कार्य 1 मई से 30 मई तक संचालित किया जा रहा है।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि जनगणना का उद्देश्य देश की जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति से संबंधित अद्यतन आंकड़े संकलित करना है, जिससे विकास योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी। जिला के मकान सूचीकरण का कार्य ब्लॉक बनाकर विभाजित किया गया है, जहां घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए प्रगणकों की नियुक्ति की गई है, जो सीधे नागरिकों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी जुटा रहे हैं। वहीं, इन कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
33 सवालों के जवाब होंगे दर्ज :
डीसी ने बताया कि जनगणना के दौरान प्रगणकों द्वारा नागरिकों से मकान की स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार प्रमुख का नाम, पेयजल सुविधा, बिजली कनेक्शन, शौचालय एवं बाथरूम की उपलब्धता, गैस कनेक्शन, रेडियो/टीवी, केबल सुविधा, वाहन जैसे साइकिल, मोटरसाइकिल एवं कार, परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज तथा मोबाइल नंबर जैसी सामान्य जानकारी ली जा रही है। गणना कर्ता को कोई दस्तावेज दिखाने की आवश्यकता नहीं है।
डीसी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों का सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि जानकारी देते समय सजग रहें। गणना कर्ता द्वारा आधार कार्ड नंबर, पैन कार्ड नंबर, बैंक खाता विवरण या किसी भी प्रकार की ओटीपी की जानकारी नहीं पूछी जाएगी।

About The Author
संबंधित समाचार



