Rewari News: सर्राफ की दुकान से आभूषण चोरी करने वाला अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार
इस आरोपी के खिलाफ राजस्थान के विभिन्न जिलों में 10 से ज्यादा मामले दर्ज
सीआईए रेवाड़ी इंचार्ज निरीक्षक सुमेर सिंह की टीम ने मुस्तैदी से कार्य करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गत अप्रैल माह में भैरू चौक स्थित एक सर्राफ की दुकान से सामान खरीदने के बहाने से सोने के आभूषण चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है।
रेवाड़ी: सीआईए रेवाड़ी इंचार्ज निरीक्षक सुमेर सिंह की टीम ने मुस्तैदी से कार्य करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गत अप्रैल माह में भैरू चौक स्थित एक सर्राफ की दुकान से सामान खरीदने के बहाने से सोने के आभूषण चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है।
इस आरोपी की पहचान एमपी के जिला जावरा के हुसैन टीकरी हाल किरायेदार राजस्थान के जिला बूंदी की महावीर कॉलोनी निवासी हसन अली के रूप में हुई है। जांचकर्ता ने कहा कि शहर के गांधी नगर के विजय जैन ने शिकायत दी थी कि उसकी भैरू चौक पर सर्राफ की दुकान है। 18 अप्रैल को उसकी दुकान पर दो व्यक्ति आए। उन्होंने चांदी के ताबीज दिखाने के लिए कहा। दोनों ने 450 रुपए में एक ताबीज खरीद लिया।
उसके बाद दोनों ने उसे सोने की कान की बाली दिखाने के लिए कहा। उसने उन दोनों को बताया कि 2 घंटे के बाद उसका बेटा दुकान पर आएगा। वहीं सोने की बाली दिखाएगा। दोनों जिद करने लगे तो उसने सोने की बालियों का पैकेट उनके सामने रख दिया। इसके बाद दोनों ने उसे बातों में उलझा दिया। अगले दिन उसका बेटा सौरभ जैन दुकान पर ग्राहकों को सामान दिखा रहा था, तो उसे सोने की बालियों का पैकेट नहीं मिला।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर साफ हुआ कि दोनों व्यक्तियों में से एक ने बड़ी चालाकी से सोने की बालियों का पैकेट चुराकर अपनी पैंट की जेब में डाल लिया था। चुराए गए पैकेट में 6 जोड़ी सोने की बाली और 2 जोड़ी झुमकी मौजूद थीं। आरोपियों के खिलाफ थाना शहर रेवाड़ी में चोरी का मामला दर्ज करके मामले की जांच सीआईए रेवाड़ी को सौंपी गई थी। सीआईए ने तकनीकी विश्लेषण और खुफिया तंत्र की मदद से मामले में संलिप्त आरोपी हसन अली को धर दबोचा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी हसन अली एक आदतन और शातिर अपराधी है। इसके खिलाफ पहले भी राजस्थान के विभिन्न शहरों जैसे अजमेर, कोटा, नागौर, बूंदी आदि में चोरी व अन्य वारदातों के 10 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह आरोपी अन्य राज्यों में घूम-घूमकर इसी तरह की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी हसन अली को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी ताकि चोरीशुदा सोने के आभूषण बरामद किए जा सकें। इसके साथ ही, इस वारदात और गिरोह में शामिल अन्य सह-आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें भी जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

About The Author
संबंधित समाचार



